बलरामपुर

डीजल तस्करी का फरार आरोपी बंदी
01-Aug-2026 9:35 PM
डीजल तस्करी का फरार आरोपी बंदी

बलरामपुर-रामानुजगंज, 1 अगस्त। अंतरराज्यीय अवैध डीजल तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सनावल पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर डीजल लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक दाम पर बेचने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार थाना सनावल में धारा 287, 3(5) बीएनएस तथा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जाफर हुसैन (23) निवासी बरवाही, थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सागोबांध क्षेत्र से बोलेरो वाहन में जरीकैनों में भरकर अवैध डीजल त्रिशूली-पचावल मार्ग से लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम पचावल पुलिया के पास घेराबंदी कर बोलेरो वाहन (यूपी-70 बीई-3092) को रोककर तलाशी ली। वाहन से 18 प्लास्टिक जरीकैनों में भरा 540 लीटर अवैध डीजल बरामद किया गया था। मौके से चालक नीरज कुमार और संदीप कुमार, दोनों निवासी सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया था।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया था कि वे उत्तर प्रदेश के खडिय़ा क्षेत्र से अवैध डीजल लाकर बरवाही निवासी जाफर हुसैन और नुरानी मियां को महीने में दो बार आपूर्ति करते थे, जो उसे अधिक कीमत पर बेचते थे।

मामले में नुरानी मियां को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

फरार चल रहे जाफर हुसैन की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने उत्तर प्रदेश से कम कीमत पर डीजल-पेट्रोल लाकर छत्तीसगढ़ में अधिक दाम पर बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट