बलरामपुर
राजपुर/शंकरगढ़, 30 जुलाई। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद शंकरगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्राम उदरसई निवासी किसान के पुत्र रमन कुमार ने बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के दम पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ गांव में खुशी का माहौल है।
साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखने वाले रमन के पिता राजेश कुमार खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रमन ने कक्षा छठवीं से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कुसमी में रहकर पढ़ाई की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की तैयारी की और इसमें सफलता अर्जित की।
रमन की इस उपलब्धि पर बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट कक्ष में उन्हें सम्मानित किया और उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि जिले के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत केवल उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन की है। उन्होंने कहा कि रमन ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सफलता हासिल कर यह साबित किया है कि सीमित संसाधन सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते।
उनकी उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। रमन की सफलता से उदरसई गांव सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।