बलरामपुर

नक्सल पीडि़त परिवार को मिला पक्का मकान, बरसों का सपना हुआ साकार
28-Jul-2026 8:17 PM
नक्सल पीडि़त परिवार को मिला पक्का मकान, बरसों का सपना हुआ साकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 28 जुलाई। नक्सल हिंसा में परिवार का सहारा खोने के बाद वर्षों तक अभाव और असुरक्षा के बीच जीवन बिता रहे एक परिवार की जिंदगी अब बदल गई है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चुनचुना निवासी स्व. असीम अंसारी के परिवार को शासन के विशेष प्रोजेक्ट के तहत पक्का आवास मिलने से अब उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और नई उम्मीद का संचार हुआ है।

ज्ञात हो कि असीम अंसारी की नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर होने के संदेह में हत्या कर दी थी। इसके बाद उनकी पत्नी निमजनी अंसारी पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई। जंगल के बीच स्थित कच्ची झोपड़ी में रहने वाला यह परिवार हर बारिश में टपकती छत, आर्थिक तंगी और भविष्य की चिंता के बीच संघर्षपूर्ण जीवन जी रहा था।

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित विशेष प्रोजेक्ट के तहत नक्सल पीडि़त एवं आत्मसमर्पित परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना में निमजनी अंसारी के परिवार को भी शामिल किया गया।

प्रशासन ने परिवार की स्थिति का आकलन कर आवास स्वीकृत किया और ग्राम पंचायत के सहयोग से निर्माण कार्य शुरू कराया। कुछ ही समय में वर्षों पुरानी झोपड़ी की जगह मजबूत दीवारों और पक्की छत वाला नया घर तैयार हो गया।

अब इस परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। बरसात में पानी टपकने का डर समाप्त हो गया है और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल रहा है। परिवार के सदस्य अब भविष्य को लेकर आशावान हैं।

स्वर्गीय असीम अंसारी के पुत्र सरफुद्दीन और शादिब अंसारी बताते हैं कि पिता के निधन के बाद उन्हें लगा था कि उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। लेकिन शासन की मदद से आज उनका अपना पक्का घर है। उनका कहना है कि अब घर का दरवाजा बंद करते समय सुरक्षा और आत्मविश्वास का एहसास होता है।

यह कहानी केवल एक परिवार को मिले आवास की नहीं, बल्कि नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास की नई शुरुआत का प्रतीक है। जहां कभी भय और अभाव ने लोगों का जीवन घेर रखा था, वहीं आज शासन की संवेदनशील पहल से उम्मीद, सुरक्षा और सम्मान का नया अध्याय लिखा जा रहा है। बलरामपुर में विकास की रोशनी अब उन परिवारों तक भी पहुंच रही है, जिनके जीवन में कभी केवल संघर्ष और निराशा थी।


अन्य पोस्ट