बलरामपुर

शंकरगढ़ के अभीरथ सिंह देव ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत
25-Jul-2026 8:30 PM
शंकरगढ़ के अभीरथ सिंह देव ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 25 जुलाई। छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ निवासी एवं डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के कक्षा 11वीं के छात्र अभीरथ सिंह देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल शूटिंग (पुरुष वर्ग) ओपन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले सहित विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में माना शूटिंग रेंज, रायपुर में 11 से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच अभीरथ सिंह देव ने उत्कृष्ट निशानेबाजी, धैर्य, अनुशासन और एकाग्रता का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टीम’ का सम्मान भी मिला, जिसके तहत उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं यूथ कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा।

अभीरथ सिंह देव जनपद पंचायत शंकरगढ़ के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी अमिताभ सिंह देव तथा वर्तमान जनपद उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव के पुत्र हैं। वे छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के भतीजे भी हैं।

अपनी सफलता का श्रेय अभीरथ ने माता-पिता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से ही यह सफलता संभव हो सकी।

विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने अभीरथ को बधाई देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभीरथ भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।


अन्य पोस्ट