बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की गई।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं एवं शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक प्रकरण तत्काल वापस लेने की भी मांग उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है तथा कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, जिला लघुवनोपज समिति अध्यक्ष लाल साय मिंज, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम बिहारी यादव, किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव बृजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।