बलरामपुर

जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर रिश्वत मांगने का ऑडियो फैला
23-Jul-2026 8:56 PM
जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर रिश्वत मांगने का ऑडियो फैला

कार्रवाई नहीं होने पर जिपं पहुंचे शिकायतकर्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 23 जुलाई। जनपद पंचायत बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलवाडीह के पंचायत सचिव का कथित रिश्वत मांगने संबंधी ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। शिकायतकर्ता ने एक बार फिर जिला पंचायत सीईओ कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार वायरल ऑडियो में पंचायत सचिव कथित तौर पर जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन करने के एवज में पैसे की मांग करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में कथित रूप से यह भी कहा गया है कि जिले में 150 से 200 रुपये देने पड़ते हैं, अन्यथा लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जनपद पंचायत स्तर से जांच टीम गांव भेजी गई थी। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, लेकिन अब तक संबंधित पंचायत सचिव के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि आज भी छोटे-छोटे दस्तावेज बनवाने के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र पिछले कई महीनों से ऑनलाइन नहीं हो सका है, जिससे उसके आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने जिला पंचायत सीईओ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट