बलरामपुर

एप्रोच सडक़ बहने की खबर पर प्रशासन सक्रिय, अफसरों ने किया माकड़ गांव का निरीक्षण
18-Jul-2026 8:50 PM
एप्रोच सडक़ बहने की खबर पर प्रशासन सक्रिय, अफसरों ने किया माकड़ गांव का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/बलरामपुर, 18 जुलाई। बलरामपुर जिला के विकासखंड राजपुर के ग्राम माकड़ और उफिया के बीच निर्माणाधीन पुल की एप्रोच सडक़ बारिश में बह जाने और ग्रामीणों का मुख्यालय से संपर्क टूटने की खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

कलेक्टर के निर्देश पर राजपुर तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, डॉ. फिरोज, संबंधित पटवारी सहित प्रशासनिक अमला ग्राम माकड़ पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर हालात की जानकारी ली तथा पेयजल, राशन और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।

प्रशासन के अनुसार गांव में पेयजल, राशन और आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था है तथा माकड़ गांव से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए निकट स्थित अलखडीह और जिगड़ी उपस्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि आवश्यकता पडऩे पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त पुल और एप्रोच सडक़ के पास नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में लगातार हो रही वर्षा की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

कलेक्टर ने कहा, बारिश थमते ही बनेगा अस्थायी मार्ग

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि माकड़ गांव का सडक़ संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही तहसीलदार को मौके पर भेजा गया और वीडियो कॉल के माध्यम से भी स्थिति की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेज बहाव के कारण फिलहाल वैकल्पिक मार्ग बनाना संभव नहीं है। बारिश कम होते ही अस्थायी मार्ग तैयार कराया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि गांव में एक सोलर पंप खराब है, जबकि अन्य हैंडपंप चालू हैं। साथ ही राशन एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है तथा पीएमजीएसवाई विभाग को भी समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट