बलरामपुर
कलेक्टर ने लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 17 जुलाई। संयुक्त जिला कार्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से भरा एक अनियंत्रित डंपर सडक़ किनारे स्थित एक मकान की दीवार तोड़ते हुए घर में जा घुसा। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जबकि घर के बाहर बंधी चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
अस्पताल के बाद कलेक्टर दुर्घटनास्थल पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर विशेष रूप से घायल महिला श्रीमती लालमुनि से बातचीत की और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।