बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,15 जुलाई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज स्थित भारत माता चौक के पास संचालित एक श्रृंगार स्टोर के संचालक के खिलाफ दुकान में कार्यरत युवती से कथित छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकत करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर रामानुजगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ महीने से रानी श्रृंगार स्टोर में काम कर रही थी। घटना के दिन वह दुकान में अपने काम में व्यस्त थी। इसी दौरान स्टोर संचालक तौकिर रजा उसके पास आया और कथित रूप से उसका हाथ मरोड़ते हुए उसके साथ अशोभनीय हरकत की।
पीडि़ता के अनुसार, घटना से घबराकर वह रोने लगी। उसने किसी तरह आरोपी को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और दुकान से बाहर निकल गई। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और रामानुजगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने भी नाराजगी जताई है। संगठन से जुड़े दीपक गिरी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपी पर अन्य युवतियों के साथ इस तरह के व्यवहार के आरोप लग चुके हैं, जिसके कारण कुछ कर्मचारी काम छोड़ चुकी थीं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।