बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,14 जुलाई। नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि वे अपनी ही शिकायतों का निराकरण नहीं करा पा रहे हैं तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में पार्षद ने कहा कि प्रदेश, केंद्र और नगर पंचायत में एक ही दल की सरकार होने के बावजूद राजपुर नगर पंचायत में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा विभिन्न मामलों में की गई शिकायतों को न तो प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और न ही उनके ही दल के जनप्रतिनिधियों द्वारा अपेक्षित पहल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट खरीदी, सीएमओ पर लगाए गए डीजल चोरी के आरोप तथा परिषद बैठक पंजी में कथित कूटरचना कर प्रतीक्षा बस स्टैंड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़े मामलों में अध्यक्ष द्वारा शिकायतें की गई थीं। इन मामलों में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही हैं।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता का दावा है कि डीजल चोरी के मामले में आरोप प्रमाणित होने के बावजूद संबंधित सीएमओ के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष की शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो इससे ट्रिपल इंजन सरकार के दावों पर भी सवाल खड़े होते हैं।
पार्षद ने कहा कि यदि अध्यक्ष अपने कार्यकाल में भी शिकायतों का समाधान कराने में सफल नहीं हो पा रहे हैं, तो उन्हें नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।