बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 14 जुलाई। दीनहीन सेवा समिति की अध्यक्षा मनीषा सिंह को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा का राज्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।
मनीषा सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा हजारों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इन शिविरों से बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को लाभ मिला।
उन्होंने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में आदिवासी एवं पिछड़े इलाकों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा पे चर्चा, व्यक्तित्व विकास, मोटिवेशनल सत्र तथा तनाव एवं चिंता मुक्ति कार्यक्रमों का भी सफल संचालन कराया है। इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों, युवाओं एवं अभिभावकों को निरंतर लाभ मिल रहा है।
दीनहीन सेवा समिति के माध्यम से मनीषा सिंह समाज के वंचित, जरूरतमंद एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की व्यापक सराहना होती रही है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा में राज्य समन्वयक के रूप में उनकी नियुक्ति को उनकी सेवा भावना, समर्पण एवं सामाजिक योगदान का सम्मान माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में रेडक्रॉस की जनहितकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान, स्वास्थ्य जागरूकता और आपदा राहत जैसे कार्यों का और अधिक विस्तार होगा।