बलरामपुर

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली रैली
14-Jul-2026 4:23 PM
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली रैली

रामानुजगंज, 14 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को रामानुजगंज में कांग्रेस द्वारा अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई और विरोध स्वरूप रैली निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत लरंगसाय चौक से हुई। इसके बाद रैली चांदनी चौक, गांधी चौक एवं बस स्टैंड होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, अजय गुप्ता, अजय सोनी, व्यास मुनि यादव, मोहन सिंह, विकास दुबे, प्रतीक सिंह जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे समर्थक शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आस्था के केंद्रों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चढ़ावे और वित्तीय प्रबंधन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाने की बात कही।


अन्य पोस्ट