बलरामपुर

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट में शिवानी तिर्की ने जीता स्वर्ण, अब राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दमखम
13-Jul-2026 9:41 PM
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट में शिवानी तिर्की ने जीता स्वर्ण, अब राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी दमखम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,13 जुलाई। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 के छत्तीसगढ़ जोन क्लस्टर स्तरीय खेल महाकुंभ में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु की छात्रा शिवानी तिर्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर दौड़ (अंडर-17 बालिका वर्ग) में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

छत्तीसगढ़ जोन के क्षेत्रीय अधिकारी प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन में डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर, भटगांव और चिरमिरी (एसईसीएल) में आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के 17 डीएवी विद्यालयों के खिलाडिय़ों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने खेल भावना, अनुशासन, उत्साह और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कक्षा 10वीं की छात्रा शिवानी तिर्की की इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिवानी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों तथा विशेष रूप से शिक्षिका रुचि सोनी के मार्गदर्शन को दिया।

विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने शिवानी को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जीवन चुनौतियों से भरा होता है और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी, अनुशासन तथा निरंतर मेहनत ही सफलता का आधार है।


अन्य पोस्ट