बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
वाड्रफनगर, 13 जुलाई। वाड्रफनगर पुलिस ने घर के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, वाड्रफनगर निवासी कैशर आलम ने 12 जुलाई को चौकी वाड्रफनगर में शिकायत दर्ज कराई कि 11 जुलाई की रात उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच वाहन अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) एवं 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर दीपक प्रजापति वार्ड क्रमांक-7, कुर्चीडांड तथा सुमीत कुमार पासवान वार्ड क्रमांक-5, वाड्रफनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।