बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,12 जुलाई। बलरामपुर मुख्यालय में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर पशु चिकित्सा विभाग, नगर पालिका परिषद, पुलिस विभाग एवं रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की संयुक्त टीम ने आवारा पशुओं के रेस्क्यू के लिए विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से पकडक़र सुरभि गौधाम, बासेन भेजा गया।
रेस्क्यू अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पशुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया। रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि सडक़ पर आवारा पशु दिखाई दें तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या संस्था को दें, ताकि उनका समय पर सुरक्षित रेस्क्यू कर उचित स्थान पर पहुंचाया जा सके। वहीं पशुपालकों से भी अपने मवेशियों को खुले में न छोडऩे और जिम्मेदारीपूर्वक उनका रखरखाव करने की अपील की गई है।