बलरामपुर

बारिश की बेरुखी से बढ़ी किसानों की चिंता, रोपाई शुरू होने का इंतजार
12-Jul-2026 8:43 PM
बारिश की बेरुखी से बढ़ी किसानों की चिंता, रोपाई शुरू होने का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 12 जुलाई। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ क्षेत्र के किसानों ने धान की खेती की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। खेतों में धान की पौध तैयार होकर रोपाई के लिए तैयार है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं। समय पर वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में पानी का भराव नहीं हो पा रहा है, जिससे रोपाई का कार्य शुरू नहीं हो सका है।

आषाढ़ माह की शुरुआत में हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों ने उत्साह के साथ खेतों की जुताई, मेड़बंदी और धान की नर्सरी तैयार कर ली थी। शुरुआती बारिश से बेहतर फसल की उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके बाद मानसून की रफ्तार धीमी पडऩे से खेत सूखे पड़े हैं और रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की पौध अधिक उम्र की हो जाएगी, जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। क्षेत्र में धान की खेती पूरी तरह मानसून पर निर्भर है और बारिश में हो रही देरी से खेती का पूरा चक्र प्रभावित होने लगा है।

बारिश की कमी का असर कृषि मजदूरों पर भी पड़ रहा है। रोपाई का कार्य शुरू नहीं होने से उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान सुबह-शाम आसमान की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं और मानसून के जल्द सक्रिय होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी, जिससे खेतों में पर्याप्त पानी भरने के बाद धान की रोपाई शुरू हो सकेगी। फिलहाल बारिश की बेरुखी ने पूरे क्षेत्र में खेती-किसानी को लेकर चिंता और अनिश्चितता का माहौल बना दिया है।


अन्य पोस्ट