बलरामपुर

एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह, विकास की कई बड़ी घोषणाएं
10-Jul-2026 11:16 PM
एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह, विकास की कई बड़ी घोषणाएं

रामानुजगंज को मिलेगा 500 सीटर ऑडिटोरियम, कन्या स्कूल का नया भवन और इंडोर स्टेडियम

कृषि मंत्री रामविचार नेताम बोले— विकास कार्यों में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 10 जुलाई। नगर पालिका परिषद रामानुजगंज में शुक्रवार को आयोजित नवनियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह में विकास की कई बड़ी घोषणाएं हुईं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नियुक्त पांच नए एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, पार्षदों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों की मौजूदगी ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद एसडीएम आनंद कुमार नेताम ने शासन द्वारा नियुक्त एल्डरमैन मोहन गुप्ता, सुभाष केसरी, सीमा रवि, जयप्रकाश केसरी एवं अनूप कश्यप को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के पश्चात सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि एल्डरमैन नगर पालिका की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी होते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं।

समारोह के दौरान कृषि मंत्री ने नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल द्वारा रखी गई प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए रामानुजगंज के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने 500 सीटर आधुनिक ऑडिटोरियम भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे नगर में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके साथ ही कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई, जिससे छात्राओं को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि रामानुजगंज के लिए इंडोर स्टेडियम की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, जिसके निर्माण के बाद क्षेत्र के खिलाडिय़ों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिलेगा।

सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध - रामविचार नेताम

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सडक़, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।

 लगातार मिल रही विकास कार्यों की सौगात - रमन अग्रवाल

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार तथा क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के सतत मार्गदर्शन और सहयोग से रामानुजगंज नगर में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए जो भी प्रस्ताव शासन के समक्ष भेजे जाते हैं, उन्हें मंत्री रामविचार नेताम के सहयोग से स्वीकृति मिल रही है।

उन्होंने कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 500 सीटर ऑडिटोरियम, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल का नया भवन तथा इंडोर स्टेडियम जैसी परियोजनाएं रामानुजगंज के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। इससे शिक्षा, खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा नगर की पहचान और अधिक मजबूत होगी।

कार्यक्रम का समापन नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देने, उनके सम्मान तथा रामानुजगंज के सर्वांगीण विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट