बलरामपुर
सूरजपुर, 7 जुलाई। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बंद पड़ी बलरामपुर खदान में सोमवार देर रात चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की । प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर स्टोर में रखी लोहे की प्लेटें सहित अन्य सामान ले गए। वहीं खदान परिसर में लगी विद्युत सप्लाई लाइन की केबल भी काटे जाने की सूचना है। हालांकि, चोरी गए सामान की मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार एसईसीएल की बलरामपुर एवं कुमदा की 7-8 खदानें पिछले एक वर्ष से अधिक समय से बंद हैं। प्रबंधन का कहना है कि लगातार घाटे के कारण दोनों खदानों का संचालन बंद किया गया था।
खदानें बंद होने के बाद से कबाड़ चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी होने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि 6 जुलाई की रात चोरों ने बलरामपुर खदान के स्टोर में सेंध लगाकर लोहे की प्लेटें सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली। इसी दौरान केबल चोरी की नीयत से सप्लाई लाइन की केबल भी काट दी गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों मामलों में पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 19-20 अप्रैल की दरम्यानी रात एसईसीएल के रीजनल वर्कशॉप के स्ट्रांग रूम में सेंधमारी कर करीब 2 से 2.5 लाख रुपये मूल्य का कॉपर केबल चोरी होने का मामला भी सामने आया था। उस मामले में भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने की चर्चा है। जबकि पूरा रीजनल वर्कशॉप सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होने के बावजूद चोरी की घटनाएं होने और मामलों को दबाए जाने के आरोप लगते रहे हैं।