बलरामपुर
राजपुर, 6 जुलाई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अल्प वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड राजपुर में साप्ताहिक हाट-बाजारों और गांवों में कृषक सूचना रथ तथा चौपाल के माध्यम से किसानों को आवश्यक समसामयिक कृषि सलाह दी जा रही है।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, रागी, कोदो एवं कुटकी जैसी फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत इन फसलों की खेती करने पर राज्य शासन की ओर से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जबकि सामान्य रूप से खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता उपलब्ध होगी।इसके अलावा किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों तथा देसी एवं उन्नतशील बीजों के उपयोग की भी सलाह दी जा रही है, ताकि अल्प वर्षा की स्थिति में उत्पादन प्रभावित न हो।कृषि विभाग ने सभी किसानों से भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अपना फार्मर आईडी पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है।