बलरामपुर

पत्नी की हत्या के दोषी पति को उम्र कैद
04-Jul-2026 9:55 PM
पत्नी की हत्या के दोषी पति को उम्र कैद

बलरामपुर-रामानुजगंज, 4 जुलाई। पत्नी की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय बलरामपुर-रामानुजगंज ने आरोपी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

मामला थाना शंकरगढ़ के अपराध क्रमांक 158/2024 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2024 की रात ग्राम रकैया निवासी रामेश्वर उर्फ ठीरुहू ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी रामपतिया पर सरई के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरई का डंडा और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 16 सितंबर 2024 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। जांच पूरी होने पर 17 अक्टूबर 2024 को न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।

प्रकरण की सुनवाई के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश हेमंत सराफ ने 2 जुलाई 2026 को आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास तथा 500 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। पुलिस ने इसे प्रभावी विवेचना एवं मजबूत साक्ष्यों के आधार पर मिली महत्वपूर्ण सफलता बताया।


अन्य पोस्ट