बलरामपुर

नपाध्यक्ष- कलेक्टर ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण
04-Jul-2026 9:52 PM
नपाध्यक्ष- कलेक्टर ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग का  निरीक्षण

बलरामपुर, 4 जुलाई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के साथ नगर सीमा से गुजर रहे निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सडक़ निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और आमजन की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर बढ़ाने तथा लंबित भूमि अधिग्रहण प्रकरणों का समन्वय के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित हितग्राहियों को समय पर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

नगर सीमा में निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने स्थानीय नागरिकों की ओर से सडक़ निर्माण से जुड़ी समस्याओं एवं आवागमन में हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया।

इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के साथ-साथ आमजन की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने निर्माणाधीन सडक़ पर उडऩे वाली धूल की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सडक़ का निर्माण स्वीकृत एलाइनमेंट के अनुरूप ही किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां बीटी वर्क पूर्ण हो चुका है, वहां बिना विलंब डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाए। साथ ही निर्माणाधीन मार्ग पर बने गड्ढों को तत्काल भरकर यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिषेक गुप्ता, अनुविभागीय अधिकारी (एनएच) निखिल लकड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट