बलरामपुर
अवैध खनन, नशे की तस्करी, साइबर अपराध व सीमा सुरक्षा पर बनी संयुक्त रणनीति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 2 जुलाई। छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम एवं पुलिस के आपसी समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एसडीओपी कार्यालय महुआडांड़ (झारखंड) में अंतरराज्यीय बॉर्डर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी कुसमी आशीष कुंजाम एवं एसडीपीओ महुआडांड़ पूजा कुमारी की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
बैठक में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले एवं झारखंड के सीमावर्ती थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सीमा क्षेत्रों में अवैध बॉक्साइट खनन, गांजा एवं अफीम की खेती व तस्करी, मवेशी तस्करी, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन, वारंटियों की तलाश व गिरफ्तारी, चेक पोस्टों पर नियमित जांच, नाकाबंदी, साइबर अपराध तथा सीमा क्षेत्र के अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आदान-प्रदान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में झारखंड से थाना प्रभारी महुआडांड़ उप निरीक्षक मनोज कुमार तथा बलरामपुर जिले से थाना प्रभारी कोरंधा उप निरीक्षक विमलेश सिंह, थाना प्रभारी कुसमी उप निरीक्षक विरासत कुजूर, प्रशिक्षण उपनिरीक्षक निरेंद्र भंडारी एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक जय श्री वर्मा उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों में विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान, साइबर अपराध के नए तरीकों से निपटने तथा किसी भी अपराध की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए आपसी सहयोग और समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही सीमा क्षेत्र में पदस्थ पुलिस अधिकारियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया, जिससे अपराध नियंत्रण और समन्वित कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।