बलरामपुर

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
02-Jul-2026 10:27 PM
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 02 जुलाई। जिला मुख्यालय स्थित जिला ग्रंथालय में कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं, उनकी तैयारी की रणनीति पर चर्चा की और सफलता के लिए नियमित अध्ययन, सही समय प्रबंधन तथा उपयुक्त अध्ययन सामग्री के महत्व पर जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को विशेष पुस्तक की आवश्यकता है तो वह उसकी सूची ग्रंथपाल को उपलब्ध कराए, ताकि प्रशासन द्वारा शीघ्र पुस्तकें उपलब्ध कराई जा सकें।

युवाओं की मांग पर कलेक्टर ने ग्रंथालय परिसर में महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से मिलेट्स आधारित कैंटीन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंटीन में जंक फूड के बजाय रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाज से बने पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस दौरान यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा महिमा प्रजापति ने कलेक्टर से मार्गदर्शन मांगा। कलेक्टर ने अपने मोबाइल पर यूपीएससी का सिलेबस, पुराने प्रश्नपत्र और अध्ययन सामग्री खोजकर उसे इंटरनेट के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।

साथ ही ग्रंथालय में उपलब्ध कंप्यूटर, इंटरनेट और करंट अफेयर्स सामग्री का नियमित उपयोग करने की सलाह दी।

कलेक्टर ने जिले के यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए बाहर से विशेषज्ञ शिक्षकों को बुलाकर विशेष कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी मनिराम यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीपक एक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट