बलरामपुर
विभाग ने कहा- काम प्रगति पर, होगी मरम्मत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,1 जुलाई। बलरामपुर जिले में जल संसाधन विभाग की 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन भाला-गिरवानी नहर लाइनिंग का एक हिस्सा तेज जल प्रवाह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत 5,100 मीटर लंबी कंक्रीट लाइनिंग का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक करीब 3,200 मीटर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 1,900 मीटर लाइनिंग का निर्माण शेष है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर लाइनिंग क्षतिग्रस्त हुई, वहां पानी की निकासी और आवागमन के लिए सुपर पैसेज बनाया जाना था। आरोप है कि सुपर पैसेज का निर्माण किए बिना ही कंक्रीट लाइनिंग कर दी गई। बारिश के दौरान तेज बहाव से पानी का दबाव बढऩे पर लाइनिंग का हिस्सा टूट गया।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते नहर पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि अतिवृष्टि और तेज जल प्रवाह के कारण नहर को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अभी जारी है तथा यह कार्य पांच वर्ष की गारंटी अवधि के अंतर्गत है। क्षतिग्रस्त हिस्से की नियमानुसार मरम्मत कराई जाएगी।
इस संबंध में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एम.पी. डहरिया ने बताया कि जिस स्थान पर क्षति हुई है, वहां सुपर पैसेज का निर्माण प्रस्तावित है। किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहले लाइनिंग का कार्य कराया गया था। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही नहर को दुरुस्त कर दिया जाएगा।