बलरामपुर

सांप काटने से नानी- नातिन की मौत
28-Jun-2026 8:50 PM
सांप काटने से नानी- नातिन की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 28 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटागहना में सर्पदंश से एक वृद्ध महिला और उनकी 8 वर्षीय नातिन की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार कोटागहना निवासी 56 वर्षीय नंदनी पहाड़ी कोरवा शनिवार को अपने दामाद सोमा के घर गई थीं। लौटते समय उनकी 8 वर्षीय नातिन करिश्मा भी उनके साथ नानी के घर आ गई। रात करीब 11 बजे दोनों घर में सो रही थीं, तभी जहरीले सांप ने करिश्मा को डस लिया। सांप के काटते ही बच्ची की नींद खुल गई और उसने अपनी नानी को जगाया। बताया जाता है कि नंदनी ने सांप को हटाकर बच्ची को बचाने का प्रयास किया।

परिजन तत्काल करिश्मा को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में रात करीब 2 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया।

इधर, नंदनी को भी उसी दौरान सांप ने डस लिया था, लेकिन उन्हें इसका एहसास नहीं हो सका। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और रात करीब 3 बजे उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने, जमीन पर नहीं सोने तथा घर के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है, ताकि सर्पदंश जैसी घटनाओं से बचा जा सके।


अन्य पोस्ट