बलरामपुर

राजपुर नपं में एल्डरमैन नियुक्ति पर विवाद, पार्षद बोले- नियमों की हुई अनदेखी
26-Jun-2026 9:33 PM
राजपुर नपं में एल्डरमैन नियुक्ति पर विवाद, पार्षद बोले- नियमों की हुई अनदेखी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 26 जून। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गुरुवार को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति की घोषणा के बाद बलरामपुर जिला के राजपुर नगर पंचायत में नियुक्तियां चर्चा का विषय बन गई हैं। दो वर्ष बाद जारी हुई इस सूची में राजपुर नगर पंचायत के लिए पंकज गुप्ता, मनोज बंसल और अनिल तिवारी को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। इनमें से दो नियुक्तियों को लेकर कानूनी और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं।

नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक-09 के पार्षद प्रभात रंजन त्रिपाठी (राजन त्रिपाठी) ने नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्राम पंचायत कोटागहना के वर्तमान उप सरपंच अनिल तिवारी को नगर पंचायत का एल्डरमैन बनाया गया है। वहीं पंकज गुप्ता पहले से ही छत्तीसगढ़ शासन के गौ सेवा आयोग, पशुधन विभाग की विकासखंड स्तरीय समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में पहले से निर्वाचित जनप्रतिनिधि और शासन द्वारा नियुक्त पदाधिकारी को एल्डरमैन बनाए जाने पर नियमों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दोहरे पद को लेकर क्या कहते हैं नियम

स्थानीय निकायों से जुड़े प्रावधानों के अनुसार, कोई व्यक्ति एक ही समय में ग्रामीण और शहरी स्थानीय निकायों में सदस्य के रूप में पद धारण नहीं कर सकता।

ग्राम पंचायत का पंच या उप सरपंच यदि नगर पंचायत में एल्डरमैन बनना चाहता है, तो उसे पहले अपने वर्तमान पद से इस्तीफा देना आवश्यक होता है। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद ही उसे मनोनीत किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसी प्रकार शासन द्वारा नियुक्त कुछ पदों के साथ भी हितों के टकराव और दोहरे दायित्व के संबंध में कानूनी प्रावधान लागू हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट