बलरामपुर

डॉ. रमेश जायसवाल राजपुर बीएमओ पद से हटाए गए
25-Jun-2026 9:39 PM
डॉ. रमेश जायसवाल राजपुर बीएमओ पद से हटाए गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 25 जून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में पिछले लगभग 10 माह से खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के पद पर कार्यरत डॉ. रमेश जायसवाल को पद से हटा दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय द्वारा जारी प्रशासनिक आदेश के तहत उन्हें उनके मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेज दिया गया है। वहीं डॉ. दीपक गुप्ता को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए बीएमओ का दायित्व सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार डॉ. रमेश जायसवाल ने 8 सितंबर 2025 को राजपुर बीएमओ का पदभार ग्रहण किया था। उनके कार्यकाल के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर विभिन्न प्रशासनिक और व्यवस्थागत मामलों को लेकर लगातार चर्चा में रहा। कर्मचारियों के बीच विवाद, व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें तथा अन्य मुद्दों से संबंधित खबरें समय-समय पर सामने आती रही थीं।

इसी बीच सीएमएचओ कार्यालय ने प्रशासनिक आदेश जारी कर डॉ. जायसवाल को बीएमओ पद से मुक्त करते हुए उनके मूल पद पर लौटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए डॉ. दीपक गुप्ता को राजपुर बीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

डॉ. जायसवाल के कार्यकाल के दौरान उन पर विभिन्न मामलों को लेकर आरोप भी लगते रहे हैं। इनमें हरे-भरे पेड़ों की कटाई, शासकीय धन के दुरुपयोग से अहाता निर्माण, कर्मचारियों के विरुद्ध थाने में एफआईआर दर्ज कराने, उपस्वास्थ्य केंद्र रेवतपुर में बिना ड्यूटी किए दो स्टाफ नर्सों के भुगतान तथा भर्ती मरीजों के भोजन व्यवस्था में वित्तीय अनियमितता जैसे आरोप शामिल हैं।

हालांकि इन आरोपों की विभागीय जांच अभी लंबित बताई जा रही है।


अन्य पोस्ट