बलरामपुर

संविधान हत्या दिवस पर भाजपा की प्रेसवार्ता आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय
24-Jun-2026 9:20 PM
संविधान हत्या दिवस पर भाजपा की प्रेसवार्ता आपातकाल को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में ‘संविधान हत्या दिवस-आपातकाल 1975’ के संदर्भ में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों के दमन का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राम लखन पैकरा ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लागू कर संविधान और लोकतंत्र की हत्या की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई तथा बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानियों को जेल में बंद किया गया। उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तानाशाही के खिलाफ संघर्ष करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए बलिदान दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा ने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के दौर की वास्तविकता से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए देश को 21 माह तक लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित रखा गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने का संकल्प लेना चाहिए।

जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था। उन्होंने मीडिया से इस ऐतिहासिक घटना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, जिला पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट