बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 19 जून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपने ही कुछ कर्मचारियों और उनके साथियों पर रात के समय अस्पताल परिसर में घुसकर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) ने राजपुर थाना में लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में पदस्थ प्रभारी बीएमओ डॉ. रमेश जायसवाल, स्टाफ नर्स अंजलि केरकेट्टा एवं मीना तिर्की ने थाना प्रभारी राजपुर को दिए शिकायत पत्र में बताया है कि 18 जून 2026 की रात करीब 1 बजे वे अस्पताल में ड्यूटी पर थीं और एक महिला मरीज का उपचार किया जा रहा था। इसी दौरान अस्पताल का कर्मचारी अजय इमालिया, जो स्वीपर के पद पर पदस्थ है, अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल परिसर में पहुंचा।
शिकायत के अनुसार अजय इमालिया के साथ राजीव पैंकरा (आरएचओ, उप स्वास्थ्य केंद्र ओकरा), जेडीएस कर्मचारी मनोज कुमार तथा वैभव कुमार सिंह भी मौजूद थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि चारों व्यक्ति नशे की हालत में अस्पताल परिसर में प्रवेश किए और ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ अभद्र गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान छीना-झपटी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शिकायत में कहा है कि घटना से वे भयभीत और मानसिक रूप से परेशान हैं। आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि ‘तुम लोग अस्पताल से बाहर निकलो, तुम लोगों को देख लूंगा। ’ घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में दहशत का माहौल बना हुआ है।
खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। वहीं पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की घटनाएं न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि मरीजों की उपचार व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं।