बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 18 जून। जिला मुख्यालय बलरामपुर के नगर बाजार क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों की सहभागिता से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता गतिविधियों में भागीदारी निभाई। इस दौरान बाजार पारा स्थित ऑडिटोरियम में स्वच्छता कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों, स्वच्छता कमांडो एवं सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
अतिथियों ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके समर्पण एवं परिश्रम से ही स्वच्छता अभियान को सफलता मिल रही है। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरे का उचित प्रबंधन करने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए बताया गए कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।