बलरामपुर
मृतक और जेल में बंद किसान के नाम पर ऋण का आरोप, घोटाले की जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 18 जून। धान खरीदी वर्ष 2025-26 की लंबित भुगतान राशि तथा किसानों के नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण प्रकरणों को लेकर किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सामने बुधवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को भी जारी रहा, जहां बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
किसान नेता नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में किसानों ने पूरी रात धरना स्थल पर ही बिताई। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और लंबित भुगतान तथा कथित फर्जी ऋण मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला महामंत्री अरविंद दुबे सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का समर्थन भी प्राप्त हो रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात किया है।
धरना दे रहे किसानों का आरोप है कि जिले में करोड़ों रुपये का फर्जी केसीसी ऋण घोटाला हुआ है। उनका कहना है कि कई किसानों के खातों में उनकी जानकारी के बिना ऋण दर्ज कर दिया गया, जिसके चलते धान बिक्री की राशि रोक दी गई है। इससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और खेती-किसानी के साथ-साथ पारिवारिक दायित्वों को पूरा करने में भी कठिनाई हो रही है।
धरने के दौरान ग्राम अनिरुद्धपुर निवासी विरेन्द्र सिंह का मामला प्रमुखता से उठाया गया। विरेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 और 2021 में उनके खाते से कुल 76 हजार रुपये का केसीसी ऋण आहरित दिखाया गया है, जबकि वे 1 सितंबर 2018 से 22 फरवरी 2023 तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध थे।
उनका कहना है कि जेल में रहते हुए किसी भी प्रकार का बैंकिंग लेन-देन संभव नहीं था, ऐसे में उनके नाम पर ऋण दर्ज होना गंभीर अनियमितता को दर्शाता है।
इसी तरह ग्राम ताम्बेश्वर नगर निवासी कृष्णा अधिकारी ने आरोप लगाया कि उनके पिता स्वर्गीय गुरूपद अधिकारी की 23 जनवरी 2021 को मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद 17 जुलाई 2021 को उनके नाम पर 3 लाख 10 हजार रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत एवं आहरित दर्शाया गया। परिजनों का कहना है कि मृतक व्यक्ति के नाम पर ऋण जारी होना गंभीर फर्जीवाड़े और बैंकिंग व्यवस्था में गड़बड़ी का संकेत है।
किसानों ने बताया कि 9 जून 2026 को मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और लंबित धान भुगतान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अरविंद दुबे ने कहा कि मृतक व्यक्ति और जेल में बंद किसान के नाम पर ऋण स्वीकृत होना सामान्य त्रुटि नहीं बल्कि बड़े स्तर की अनियमितता का मामला है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं किसान नेता नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और कथित फर्जी केसीसी ऋण प्रकरणों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।