बलरामपुर

विज्ञापन वसूली की खबर को सचिव संघ ने बताया झूठा, जांच व कार्रवाई की मांग
03-Jun-2026 8:05 PM
विज्ञापन वसूली की खबर को सचिव संघ ने बताया झूठा, जांच व कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 3 जून। बलरामपुर जिले के राजपुर पंचायत सचिव संघ ने विज्ञापन के नाम पर पंचायतों से अवैध वसूली किए जाने संबंधी प्रकाशित समाचारों को झूठा, निराधार एवं भ्रामक बताते हुए संबंधित पत्रकारों के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, थाना प्रभारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजपुर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ, राजपुर इकाई ने आरोप लगाया है कि 18 मई को कुछ समाचार पत्रों एवं मीडिया माध्यमों में पंचायत सचिव संघ पर विज्ञापन के नाम पर पंचायतों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए समाचार प्रकाशित किया गया, जो पूरी तरह असत्य, बेबुनियाद और तथ्यहीन है। संघ ने कहा कि उक्त समाचार से सचिव समुदाय की छवि धूमिल हुई है तथा संगठन के सदस्य आहत हुए हैं।

संघ का कहना है कि संबंधित पत्रकारों द्वारा वर्ष 2022 की सूची को आधार बनाकर स्वयं तैयार की गई भ्रामक जानकारी प्रकाशित की गई है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि सूची में दर्ज राशि संगठनात्मक गतिविधियों एवं सचिव संघ के हित में ली गई थी, न कि किसी प्रकार के विज्ञापन के लिए।

सचिव संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पत्रकार पंचायतों में जाकर सचिवों और सरपंचों पर अनावश्यक दबाव बनाते हैं तथा राशि नहीं देने पर झूठी खबरें प्रकाशित करने की धमकी देते हैं। संघ के अनुसार इस तरह की गतिविधियों से सचिवों एवं सरपंचों को मानसिक प्रताडऩा का सामना करना पड़ रहा है और शासकीय योजनाओं के संचालन एवं विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

संघ ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रकाशित समाचारों का खंडन करवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में शासन-प्रशासन और मीडिया के बीच स्वस्थ एवं मधुर संबंध बनाए रखने की आवश्यकता भी जताई गई है।


अन्य पोस्ट