बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 2 जून। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड शंकरगढ़ के दुर्गम ग्राम चुनचुना एवं पुंदाग में कठिन चुनौतियों के बावजूद आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।
स्वास्थ्य शिविर एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एम्बुलेंस से ग्राम चुनचुना एवं पुंदाग के लिए रवाना हुई थी। वर्षा के कारण मार्ग खराब हो जाने कारण एम्बुलेंस बीच रास्ते में ही आगे नहीं बढ़ सकी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए एएनएम सुश्री सुचिता सिंह एवं ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी श्री अरविंद ने विशेष पहल की। दोनों स्वास्थ्यकर्मियों ने आवश्यक टीके, दवाइयां एवं स्वास्थ्य सामग्री साथ लेकर शेष दूरी मोटरसाइकिल से तय की और निर्धारित समय पर गांव पहुंचे।
खराब मौसम एवं दुर्गम मार्ग के बावजूद उन्होंने स्वास्थ्य शिविर एवं नियमित टीकाकरण का संचालन किया।
शिविर के दौरान 19 बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। साथ ही 3 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त 21 ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयों का वितरण कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद गांव तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है और शासन के मंशानुरूप प्रशासन के प्रयासों से अंतिम व्यक्ति तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता साकार हो रही है।


