बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 29 मई। नगर के वार्ड क्रमांक 15 निवासी पशुपालक की छह भैंसों की जंगल में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों द्वारा जंगली सुअर के शिकार के उद्देश्य से जंगल में जीआई तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया गया था, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक प्रतिदिन की तरह अकलू यादव की भैंसें जंगल की ओर चरने गई थीं। इसी दौरान वन विभाग की नर्सरी के पास गुलगुलपाट क्षेत्र में बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से छहों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी तब हुई जब देर शाम तक भैंसें वापस घर नहीं लौटीं। इसके बाद पशुपालक अकलू यादव जंगल की ओर खोजने पहुंचे, जहां सभी भैंसें मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। घटना देख परिवार के लोग बदहवास हो गए।
बताया जा रहा है कि एक भैंस की कीमत करीब 50 हजार रुपये थी। इस हिसाब से पशुपालक को लगभग तीन लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था और इस घटना से उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस रास्ते पर करंटयुक्त तार बिछाया गया था, वहां से वन विभाग के कर्मचारी और ग्रामीणों का नियमित आना-जाना रहता है।
ऐसे में यह घटना किसी बड़ी जनहानि का कारण भी बन सकती थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी क्षेत्र में जीआई तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद इस प्रकार की खतरनाक गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत भैंसों का उचित मुआवजा दिलाने तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मौके पर पहुंचीं दिलरुबा बानो ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।