बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज-बलरामपुर,29 मई। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के बलरामपुर से रामानुजगंज तक चल रहे सडक़ निर्माण कार्य में घटिया निर्माण को लेकर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण और डामरीकरण का कार्य बेहद निम्न स्तर का किया जा रहा है, जिससे सडक़ की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा नियमों के विरुद्ध निर्माण कार्य को पेटी कॉन्ट्रैक्ट में देकर स्थानीय स्तर पर बिना तकनीकी मानकों के काम कराया जा रहा है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच नियमित रूप से नहीं होने तथा कई स्थानों पर बिना उचित कम्पेक्शन और परीक्षण के निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की बात भी कही गई है।
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने सडक़ निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी और मुरूम उपयोग किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे शासन को राजस्व हानि के साथ पर्यावरणीय नुकसान भी हो रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि निर्माणाधीन सडक़ की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे, उड़ती धूल और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित पानी छिडक़ाव और सुरक्षा संकेतकों की व्यवस्था नहीं किए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच, निर्माण सामग्री की स्वतंत्र एजेंसी से गुणवत्ता जांच तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा अवैध उत्खनन और नियम विरुद्ध पेटी कॉन्ट्रैक्ट की जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।
प्रतीक सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर जनहित में कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा अनिश्चितकालीन काम रोको आंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस महासचिव नीरज गुप्ता, जनपद सदस्य सीबी सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीत गुप्ता, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष निशांत चौबे, अबरार अंसारी, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राजा साहू, आयुष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


