बलरामपुर
गंगा दशहरा व गायत्री जयंती पर भक्त उमड़े, दीपों और शंखध्वनि से गूंजा घाट परिसर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 27 मई। गंगा दशहरा एवं मां गायत्री जयंती पर नगर के मां महामाया मंदिर के समीप स्थित कन्हर नदी छठ घाट में भव्य गंगा आरती का आयोजन भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे घाट परिसर में देर शाम तक धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
आयोजन में स्थानीय ब्राह्मण नंदकुमार पांडे, जितेंद्र पांडे, विनय पांडे सहित काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न कराई। शंखध्वनि, भजन और दीपों की रोशनी से पूरा घाट परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम की पत्नी एवं जिला पंचायत सरगुजा की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा नेताम ने कहा कि कन्हर नदी क्षेत्रवासियों की आस्था और संस्कृति का केंद्र है। उन्होंने नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए जनभागीदारी की अपील की।
नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि नगरवासियों के सहयोग से आयोजन को भव्य स्वरूप मिला है तथा कन्हर नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए सभी को संकल्पित होना चाहिए।
घाट परिसर को विद्युत सज्जा, फूलों एवं पारंपरिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। काशी के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर तैयार आरती स्थल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।


