बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 26 मई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अपर कलेक्टर चेतन साहू के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम द्वारा ग्राम राधाकृष्णनगर में कार्रवाई करते हुए एमएस महामाया किराना एंड जनरल स्टोर में अवैध रूप से भंडारित डीजल, पेट्रोल एवं पीडीएस चावल जब्त किया गया।
जांच के दौरान दुकान संचालक अशोक डे की दुकान में 2 ड्रम में लगभग 400 लीटर डीजल, 4 गैलन में लगभग 70 लीटर पेट्रोल तथा लगभग 32 बोरी पीडीएस चावल अवैध रूप से भंडारित पाया गया। प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त सामग्री को जब्त कर चौकी गणेश मोड को सुपुर्द किया गया। साथ ही प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
गौरतलब है कि कलेक्टर के निर्देशन में जिले में अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं आवश्यक वस्तुओं के अनियमित भंडारण के विरुद्ध सतत निगरानी एवं कार्रवाई जारी है। अपर कलेक्टर ने कहा है कि आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नायब तहसीदार रवि भोजवानी सहित संयुक्त टीम मौजूद रहे।


