बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 26 मई। नगर पंचायत राजपुर में मुख्य मार्ग और आवासीय क्षेत्रों में निर्माणाधीन नाली की अत्यधिक ऊंचाई से परेशान स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर नाली की ऊंचाई कम कराने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नाली की ऊंचाई अधिक होने के कारण दुकानदारों, राहगीरों और मकान मालिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा समस्या से अवगत कराए जाने के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्था सुधारने की पहल की।
सांसद ने दिल्ली में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राजपुर की वास्तविक स्थिति से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले नगर की खराब सडक़ों पर पैच रिपेयरिंग का कार्य कराया जाएगा तथा जिन स्थानों पर मिट्टी का कार्य पूर्ण हो चुका है वहां जेएसबी बिछाने का काम किया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।
सांसद की पहल के बाद क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय रेस्ट हाउस में उनसे मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान नागरिकों ने कहा कि नाली की ऊंचाई कम होने से अब लोगों को घरों और दुकानों तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने सांसद की जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील रहते हैं। इस अवसर पर राजपुर क्षेत्र के कई वरिष्ठ नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।


