बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
शंकरगढ़, 24 मई। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड स्थित लक्ष्य शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में संस्थान से दो छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय तथा एक छात्र का चयन सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में हुआ है। इस वर्ष संस्थान से कुल 25 विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय एवं 23 विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है।
सफल विद्यार्थियों एवं नि:शुल्क आवासीय अग्निवीर सेना तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के सम्मान में संस्थान परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अमिताभ सिंह देव तथा कुसमी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफल छात्र मयंक भगत और आदित्य नागेश को गोल्ड मेडल पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रियंवदा सिंह देव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे वाले विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सेना एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से उनकी समस्याएं एवं मांगें भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अमिताभ सिंह देव ने लक्ष्य शिक्षण संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि शंकरगढ़ क्षेत्र को नई दिशा देने वाले शिक्षक सुदर्शन यादव सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने शिक्षक सुदर्शन यादव का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कुसमी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत ने कहा कि दूरांचल एवं वनांचल क्षेत्र में लक्ष्य शिक्षण संस्थान द्वारा लगातार बेहतर परिणाम देना सराहनीय है। उन्होंने संस्थान को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने बताया कि इस वर्ष संस्थान का 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। कक्षा 10वीं में सर्वाधिक 97.33 प्रतिशत तथा 12वीं में 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी अग्निवीर सेना भर्ती की लिखित परीक्षा को देखते हुए संस्थान में विद्यार्थियों को सुबह, दोपहर एवं रात्रि सत्र में नि:शुल्क तैयारी कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी भारतीय सेना में चयनित हो सकें।
इस अवसर पर अभिभावक कमल कुमार, मंगलेश्वर यादव, राजेंद्र, श्रवण कुमार, महेश्वर, वीरेंद्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


