बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 3 मई। बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत ग्राम पतरापारा स्थित वन धन केंद्र में दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह को 3.70 लाख रुपये की लागत से तेल मिल प्रदान की गई। यह पहल वन धन योजना के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य विशेष जनजाति वर्ग की महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
तैल मिल का शुभारंभ जिला यूनियन प्रबंध संचालक वन प्रबंधन समिति एवं वनमंडलाधिकारी बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उदेश्वरी पैकरा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। साथ ही विशेष जनजाति वर्ग के विकास के लिए क्षेत्र में सडक़ सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय वर्मा ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव एवं जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन संतोष तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सरपंच नन्हर कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसडीओ रविशंकर श्रीवास्तव, वन प्रबंधन समिति प्रबंधक सुरेश सोनी सहित ग्राम पतरापारा एवं अमदरी के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वनोपज संग्राहक महिला-पुरुष उपस्थित रहे।


