बलरामपुर
10वीं में खुशी यादव का 90.5 फीसदी अंक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 1 मई। जिले के छोटे से गांव नावाडीह की छात्रा खुशी यादव ने हाई स्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 543 अंक (90.5 प्रतिशत) हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद बिना कोचिंग-ट्यूशन के हासिल की गई यह सफलता प्रेरणादायक मानी जा रही है।
खुशी यादव, पिता कृष्णा यादव और माता विद्यावती यादव की पुत्री हैं। वह शासकीय हाई स्कूल त्रिकुंडा की छात्रा रही हैं। उनके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, वहीं आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद खुशी ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
खुशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा दी। उन्होंने आगे भी इसी तरह मेहनत कर उच्च शिक्षा प्राप्त करने और परिवार का नाम रोशन करने की बात कही।
छात्रा की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खुशी यादव की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।