बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,30 अप्रैल। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामानुजगंज ने शानदार परीक्षा परिणाम देकर अपनी गुणवत्ता को साबित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिले के टॉप-10 में स्थान हासिल कर न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में छात्रा आरजू परवीन पिता इस्लामुद्दीन अंसारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं छात्र उल्लेख यादव, पिता गणेश प्रसाद यादव ने 94.83 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 12वीं कक्षा की छात्रा आकृति गुप्ता, पिता धनंजय गुप्ता ने 93 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में खुशी का माहौल छा गया। सभी सफल विद्यार्थियों ने प्राचार्य हरिओम गुप्ता एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का आशीर्वाद लेकर उनका आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
बोर्ड परीक्षा परिणाम के पश्चात विद्यालय में वार्षिक परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनूप तिवारी, विधायक प्रतिनिधि मोहन गुप्ता, समिति सदस्य मनोज तिवारी एवं आफरीन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई।
विद्यालय के प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।


