बलरामपुर

राजपुर जनपद की सामान्य सभा: महिला आरक्षण बिल लोस में पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पारित
29-Apr-2026 9:45 PM
राजपुर जनपद की सामान्य सभा: महिला आरक्षण बिल लोस में पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पारित

सुशासन तिहार के तहत शिविरों की तैयारी पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-

राजपुर,29 अप्रैल। बलरामपुर जिला के जनपद पंचायत राजपुर के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष विनय भगत की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर चर्चा से हुई। अध्यक्ष विनय भगत ने सदन को जानकारी देते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को वर्ष 2029 के आम चुनाव में लागू करने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने 131वें संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए विपक्ष के रवैये की आलोचना की। इस विषय पर जनपद पंचायत राजपुर द्वारा सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे ने ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत आयोजित होने वाले शिविरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद क्षेत्र में कुल 5 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 6 मई को कोटडीह, 13 मई को गोपालपुर, 21 मई को अलखडीहा, 29 मई को खोडरो और 5 जून को सिधमा में शिविर लगाए जाएंगे।

इस दौरान अधिकारियों के साथ शिविरों की तैयारी और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विस्तृत चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों से भी इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और कार्यों की जानकारी सदस्यों को दी। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, एसडीओ जानू राम सोनवानी सहित जनपद सदस्य एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट