बलरामपुर

डांडखडुवा में नल-जल योजना बनी शोपीस, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण
29-Apr-2026 9:42 PM
डांडखडुवा में नल-जल योजना बनी शोपीस, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 29 अप्रैल। बलरामपुर जिला के जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डांडखडुवा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजना जमीनी स्तर पर विफल होती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए स्टैंड पोस्ट और पानी की टंकी उपयोग में नहीं आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को अब भी पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। गांव के निवासी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय कर्मचारियों और ठेकेदार के प्रतिनिधियों को फोन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया है।

ग्रामीणों का कहना है कि योजना कागजों तक सीमित होकर रह गई है, जिससे शासन के धन का दुरुपयोग हुआ है और लोगों की उम्मीदें टूट गई हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द योजना को सुचारू रूप से चालू कराने की मांग की है, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके।

इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी कार्यपालन अभियंता सीबी सिंह ने बताया कि वे 28 तारीख तक ही बलरामपुर में पदस्थ थे। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित कार्यपालन अभियंता को देकर समस्या के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।


अन्य पोस्ट