बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 28 अप्रैल। गर्मी के मौसम में कन्हर नदी का जलस्तर घटने और पानी सूखने के बीच रामानुजगंज नगर पालिका ने संभावित जल संकट से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नदी के भीतर डबरी (छोटा जलसंग्रह गड्ढा) का निर्माण कराया गया है, ताकि जल संग्रहण कर नगर में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कन्हर नदी में बनाए गए डबरी का निरीक्षण किया और वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि आने वाले समय में जल संकट की स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में नगर में जलप्रदाय व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और नागरिकों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आने वाले दिनों में जल संकट गहराने की संभावना है, जिसे देखते हुए नगर पालिका द्वारा अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार डबरी का आकार और बड़ा किया जाएगा, ताकि अधिक मात्रा में पानी का संचयन किया जा सके। इसके साथ ही, यदि किसी क्षेत्र में पानी की कमी होती है, तो वहां टैंकर के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नगर पालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में आवश्यकतानुसार टैंकर भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
रमन अग्रवाल ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि पानी का उपयोग सोच-समझकर करें और अनावश्यक रूप से इसकी बर्बादी न करें। उन्होंने कहा कि आवश्यकता अनुसार पानी लेने के बाद नलों को तुरंत बंद कर दें, ताकि जल संरक्षण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। नगर पालिका के इस प्रयास को स्थानीय लोगों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि इन व्यवस्थाओं से आने वाले समय में जल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।


