बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 28 अप्रैल। रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम पुरुषोत्तमपुर के जंगल में मंगलवार सुबह एक युवती का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरुषोत्तमपुर के सरपंच उबल्क सिंह के घर आए कुछ मेहमान सुबह जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर महुआ के पेड़ से लटके एक युवती के शव पर पड़ी। घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच ने तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचित किया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
मृतका की पहचान देवीगंज निवासी पूनम के रूप में हुई है, जो दीप नारायण अगरिया की पुत्री बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार पूनम सोमवार शाम करीब 4 बजे से घर से लापता थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से युवती की मौत हुई है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


