बलरामपुर

बलरामपुर के शम्भू बने लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष
27-Apr-2026 9:05 PM
बलरामपुर के शम्भू बने लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 27 अप्रैल। छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ द्वारा एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कर्मचारी शम्भू प्रसाद गुप्ता को संघ का प्रांतीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में संघ के प्रांताध्यक्ष परशुराम धनेन्द्र ठाकुर ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

जारी आदेश के अनुसार, शम्भू प्रसाद गुप्ता शिक्षा विभाग के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक शाला मितगई, विकासखंड रामचंद्रपुर में भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपते हुए विभागीय समस्याओं के समाधान तथा कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों में आवश्यक पत्राचार करने की अनुमति भी प्रदान की गई है। यह आदेश आगामी निर्देश तक प्रभावी रहेगा।

संघ द्वारा जारी अधिसूचना की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं संघ के विभिन्न संभागीय, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को प्रेषित की गई है।

संघ के प्रांताध्यक्ष ने बताया कि मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व आदेशों के तहत संघ द्वारा भेजे गए पत्रों का जवाब संबंधित विभागों के लिए अनिवार्य है।

इस नियुक्ति से जिले के चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि अब कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाया जाएगा।


अन्य पोस्ट