बलरामपुर

भीषण गर्मी में राहत: समाजसेवियों ने शुरू किया ठंडा शरबत प्याऊ
27-Apr-2026 9:03 PM
भीषण गर्मी में राहत: समाजसेवियों ने शुरू किया ठंडा शरबत प्याऊ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 27 अप्रैल। बलरामपुर जिले के राजपुर नगर में भीषण गर्मी के बीच समाजसेवा की एक सराहनीय पहल सामने आई है। नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अग्रवाल, जिन्हें स्थानीय लोग ‘कंबल वाले बाबा’ के नाम से जानते हैं, तथा जनपद पंचायत राजपुर के उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल द्वारा डेली सब्जी मार्केट के पास हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ठंडा रसना शरबत प्याऊ की व्यवस्था की गई है।

गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्याऊ शुरू किया गया है। यहां राहगीरों, मजदूरों, ग्रामीणों और बाजार आने-जाने वाले लोगों के लिए ठंडा शरबत उपलब्ध कराया जा रहा है। तपती धूप में यह पहल लोगों के लिए काफी राहत भरी साबित हो रही है, जहां दूर-दूर से लोग पहुंचकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।

समाजसेवी अशोक अग्रवाल लंबे समय से विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और ‘कंबल वाले बाबा’ के नाम से क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। वे गर्मी के मौसम में शरबत वितरण के साथ-साथ नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन भी करते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी भाग लेते हैं।

इस पुनीत कार्य में जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। दोनों समाजसेवियों की इस पहल को स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की पहल समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने के साथ ही जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का कार्य करती है। भीषण गर्मी के इस दौर में ठंडा रसना शरबत प्याऊ की यह व्यवस्था लोगों के लिए राहत केंद्र साबित हो रही है और समाजसेवा का यह उदाहरण अन्य लोगों को भी प्रेरित कर रहा है।


अन्य पोस्ट