बलरामपुर

करंट से झुलसी अधेड़ महिला की मौत
26-Apr-2026 9:24 PM
करंट से झुलसी अधेड़ महिला की मौत

महुआ बीनने गई थी जंगल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामचंद्रपुर, 26 अप्रैल। जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाडीह में करंट लगने से एक अधेड़ महिला की झुलसी हुई लाश मिलने से गांव में शोक की लहर फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना त्रिकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवाडीह के जंगल किनारे स्थित मोरनीयापारा में कोड़ाकु समाज की बस्ती में करीब 50 वर्षीय महिला का शव झुलसी हालत में पाया गया। मृतका की पहचान रामसाय कोड़ाकु की पत्नी सुकेशी कोड़ाकु के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि महिला शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे महुआ बीनने के लिए घर से निकली थी। कुछ समय बाद जंगल क्षेत्र में उसकी झुलसी हुई लाश मिलने की सूचना गांव में फैल गई, जिससे परिजनों सहित पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।

प्रथम दृष्टया मामला हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों या सूअरों के शिकार के लिए किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नंगे तार बिछाए गए होंगे, जिसकी चपेट में महिला आ गई। घटना के बाद तार हटाए जाने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट