बलरामपुर
राजपुर, 25 अप्रैल। क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी एवं आगजनी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी जय सिंह ग्राम चिलमा, थाना राजपुर ने 21 अप्रैल को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 30 सी 2167 को अज्ञात व्यक्ति ने घर के आंगन से चोरी कर लिया। बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से वाहन में आग लगा दी गई।
प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही की पहचान की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय कुमार चेरवा ग्राम भेंडरी, थाना पस्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जली हुई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) एवं 326(एफ) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की विवेचना पुलिस द्वारा जारी है।


